Google search engine
HomeBlogडोरंडा कॉलेज में तीन दिवसीय युवा महोत्सव 'हिलोर 2026' का भव्य आगाज

डोरंडा कॉलेज में तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘हिलोर 2026’ का भव्य आगाज

रांची। डोरंडा कॉलेज, रांची में तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘हिलोर 2026’ का सोमवार को रंगारंग आगाज हुआ। प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति के विविध रंगों से सजा महोत्सव का पहला दिन संगीत और नृत्य के नाम रहा। लोक वाद्यवृंद की थाप और आदिवासी नृत्य की झंकार पर पूरा परिसर झूम उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राज कुमार शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कला एवं संस्कृति निदेशालय, रांची विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. आनंद कुमार ठाकुर उपस्थित रहे। मंच पर प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. मंजू लाल, डॉ. शिल्पी सिंह, डॉ. ब्रजेश कुमार एवं डॉ. मलय भारती की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. शर्मा ने कहा कि ‘हिलोर’ जैसे युवा महोत्सव युवाओं को अपनी छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने झारखंड के परिप्रेक्ष्य में ग्लोबल हैप्पीनेस इंडेक्स में आदिवासियों के महत्व और उनकी समृद्ध परंपराओं पर प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद कुमार ठाकुर ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को बेहतर मंच दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भविष्य के कार्यक्रमों के लिए अपने सुझाव कला एवं संस्कृति निदेशालय को भेजें, जिन पर अमल किया जाएगा।

महोत्सव के द्वितीय सत्र में संगीत एवं नृत्य की 8 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इनमें सुगम/हल्का एकल गायन, पाश्चात्य एकल गायन, समूह गायन (भारतीय एवं पाश्चात्य), लोक वाद्यवृंद, शास्त्रीय व पाश्चात्य एकल वाद्य वादन, शास्त्रीय नृत्य तथा लोक/आदिवासी नृत्य शामिल रहे। निर्णायक के रूप में डॉ. मृणाल पाठक और डॉ. विपुल नायक ने भूमिका निभाई। पूरे सत्र का समन्वय डॉ. प्रिया कुमारी और डॉ युगेश कुमार महतो ने किया।

उद्घाटन सत्र का मंच संचालन डॉ. अरविंद कुमार और प्रो. ममता प्रिया कुजूर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मलय भारती ने किया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। ये जानकारी कॉलेज के सह मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार ने दिया

RELATED ARTICLES

Most Popular