Google search engine
HomeBlogरांची में ‘गुड लक इंडिया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, रात में खिलाड़ियों...

रांची में ‘गुड लक इंडिया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, रात में खिलाड़ियों और युवाओं ने दिखाया जबरदस्त उत्साह (पूरा देखे)

रांची में ‘गुड लक इंडिया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, रात में खिलाड़ियों और युवाओं ने दिखाया जबरदस्त उत्साह
रांची, 7 मार्च 2026 (शनिवार):
आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इसी उत्साह के बीच रांची के मोराबादी स्थित साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर में सामाजिक संस्था रिलेशंस की ओर से “गुड लक इंडिया” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में रांची के युवा खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर टीम इंडिया के प्रति अपना जोश और समर्थन व्यक्त किया।
रात के समय साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर परिसर में देशभक्ति और खेल भावना का अद्भुत माहौल देखने को मिला। बच्चों और खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जीतेंगे भाई जीतेंगे, इंडिया जीतेंगे” जैसे नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उपस्थित सभी लोगों ने टीम इंडिया की जीत के लिए सामूहिक रूप से शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप का खिताब अपने नाम करेगी।
इस अवसर पर साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर के मुख्य कोच एवं संचालक मलिक घोष, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, जेएससीए के आजीवन सदस्य राजीव रंजन सहित कई खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस दौरान रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और जेएससीए के आजीवन सदस्य राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है और पूरे देश को टीम इंडिया से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लोग भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना और शुभकामनाएं दे रहे हैं। रांची के युवा खिलाड़ियों में भी टीम इंडिया को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस तरह के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर के मुख्य कोच मलिक घोष ने कहा कि भारतीय टीम में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और टीम संतुलित तथा आत्मविश्वास से भरी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विश्व कप का खिताब जीतकर देशवासियों को गर्व का अवसर देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कोचिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने भी टीम इंडिया के खिलाड़ियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और कहा कि वे भी भविष्य में भारतीय टीम की तरह देश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं। इस मौके पर उपस्थित सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने एक स्वर में टीम इंडिया की जीत की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने तिरंगा लहराकर टीम इंडिया के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और फाइनल मुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत की कामना की।
इस कार्यक्रम की जानकारी अमन द्वारा दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular