एचईसी महिला समिति द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन
रांची। रांची के सेक्टर-3 स्थित एचईसी महिला समिति कार्यालय में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति की सदस्यों एवं क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द व एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर समिति की पदाधिकारियों ने बताया कि हैक महिला समिति एक स्वयंसेवी संस्था है, जो महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें विभिन्न कौशल विकास एवं स्वरोजगार कार्यक्रमों से जोड़ने का कार्य करती है।
समिति का उद्देश्य महिलाओं को अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से जोड़कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, होली गीत एवं प्रेरणादायक विचारों का आदान-प्रदान भी किया गया। अंत में सभी सदस्यों ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



